जगदलपुर । हर घर तिरंगा अभियान के तहत देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से तिरंगा यात्रा के अंतर्गत बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली में कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर बाइक सवारों ने शहर में भ्रमण करते हुए देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
बाइक रैली जगदलपुर शहर के पी जी कॉलेज चौक से शुरू होकर, अग्रसेन चौक, दंतेश्वरी मंदिर होते दलपत सागर के किनारे से विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर भ्रमण किया। इस दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से वातावरण देशभक्तिमय हो गया। रैली के माध्यम से नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
तिरंगा यात्रा की रैली को बस्तर एस पी सलभ सिन्हा और सीईओ तन्मय के नेतृत्व में लोहांडीगुडा तक लाया गया जिसके बाद उसरीबेड़ा से जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, जिला पंचायत और जनपद पंचायत के सदस्य भी इस रैली में शामिल हुए….रैली का समापन बस्तर जिले के प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात में किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों एवं प्रतिभागियों द्वारा चित्रकोट जलप्रपात क्षेत्र में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। सभी ने मिलकर जलप्रपात एवं आसपास के पर्यटन क्षेत्र की साफ-सफाई की और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।





