डेस्क । स्टील प्लांट के कोक ओवन बैटरी 8 में कार्य के दौरान एक दर्दनाक दुर्घटना सामने आई है। प्लांट में कार्यरत एक ठेका मजदूर काम करने के दौरान अचानक ऊंचाई से नीचे गिर गया। इस हादसे में मजदूर के सिर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं।

घटना के तुरंत बाद संयंत्र में मौजूद अन्य कर्मचारियों और सहयोगियों की मदद से घायल मजदूर को प्राथमिक उपचार के लिए भिलाई स्टील प्लांट के मेन मेडिकल पोस्ट ले जाया गया। वहां डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक चिकित्सा देने के बाद, स्थिति को देखते हुए मजदूर को तत्काल सेक्टर-9 हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया।
सेक्टर-9 अस्पताल में घायल मजदूर का गहन परीक्षण किया जा रहा है और डॉक्टरों की निगरानी में एक्सरे सहित अन्य जरूरी जांचें की जा रही हैं। राहत की बात यह है कि डॉक्टरों के अनुसार मजदूर होश में है और बातचीत कर रहा है। शुरुआती जांच के आधार पर डॉक्टरों का कहना है कि स्थिति स्थिर है और फिलहाल खतरे जैसी कोई बात नहीं है।
इस बीच, ठेका कंपनी की ओर से आगे की चिकित्सा सहायता के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि बेहतर और विशिष्ट इलाज के लिए ठेका कंपनी मजदूर को निजी अस्पताल स्पर्श (Sparsh Hospital) रेफर कराने की तैयारी में है, ताकि उसे जल्द से जल्द समुचित इलाज उपलब्ध कराया जा सके।

प्लांट में हुई इस घटना के बाद कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों और आपातकालीन प्रबंधन को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं।