प्राचार्य पर शिक्षक को नुकसान पहुंचाने की सुपारी देने का आरोप, कथित बातचीत की रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंपी

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र के शासकीय हाईस्कूल धौराभाठा में पदस्थ एक प्राचार्य पर अपने ही स्कूल के व्याख्याता शिक्षक को नुकसान पहुंचाने के लिए कथित तौर पर सुपारी देने का गंभीर आरोप लगा है। मामले को लेकर शिक्षक ने पुलिस से शिकायत की है और कथित बातचीत की एक वॉइस रिकॉर्डिंग भी जांच के लिए पुलिस को सौंपी है।

 

आरोप शासकीय हाईस्कूल धौराभाठा की प्राचार्य इंद्रा गेंदले पर लगाया गया है। शिकायतकर्ता व्याख्याता शिक्षक राजेश सोनी का आरोप है कि उन्हें नुकसान पहुंचाने के लिए प्राचार्य द्वारा कथित तौर पर सुपारी देने की बातचीत की गई।

 

शिकायत के साथ कथित बातचीत का वॉइस रिकॉर्डिंग पुलिस को उपलब्ध कराया गया है। पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। रिकॉर्डिंग की सत्यता, उसमें मौजूद आवाज और बातचीत के पूरे संदर्भ की जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

 

फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद स्कूल में भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि शिक्षक द्वारा लगाए गए आरोप कितने सही हैं।

Share :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *