डेस्क । राइस मिल में काम करने वाली एक युवती पर उसके कथित प्रेमी ने दिनदहाड़े धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि गंभीर रूप से घायल युवती का इलाज धमतरी के एक निजी अस्पताल में जारी है।


प्रेम प्रसंग और मोबाइल रिचार्ज को लेकर हुआ विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोण्डागांव निवासी अनीता मंडावी बालाजी राइस मिल में रेजा (मजदूर) का काम करती है। इसी मिल में बंजारी भाठागांव निवासी 21 वर्षीय दुलेश्वर टंडन भी काम करता था। साथ काम करने के दौरान दोनों के बीच जान-पहचान हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम प्रसंग में बदल गई।
कुछ समय बाद दुलेश्वर ने राइस मिल का काम छोड़ दिया। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से दोनों के बीच बातचीत बंद थी और रिश्तों में खटास आ गई थी। इसके बावजूद युवती आरोपी से लगातार अपना मोबाइल रिचार्ज करवाती रहती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच मनमुटाव और विवाद बढ़ गया था।
कमरे में घुसकर बोला ताबड़तोड़ हमला
शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे आरोपी दुलेश्वर धारदार चाकू लेकर युवती के कमरे पर पहुंचा। उस समय अनीता अपनी सहेली के साथ आराम कर रही थी। आवेश में आए आरोपी ने बातचीत के दौरान अचानक चाकू निकाला और अनीता पर हमला कर दिया। कमरे से चीख-पुकार सुनकर जब सहेली ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो आरोपी मौके से फरार हो गया।
अस्पताल में भर्ती, आरोपी गिरफ्तार
घटना के तुरंत बाद राइस मिल के अन्य कर्मचारियों की मदद से लहूलुहान युवती को कुरूद सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद युवती की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे धमतरी के निजी अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
मामले की सूचना मिलते ही कुरूद पुलिस ने हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की और घेराबंदी कर आरोपी दुलेश्वर टंडन को हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।