बेकाबू मालवाहक ने तीन को रौंदा, दो सगे भाइयों की मौके पर ही दर्दनाक मौत

डेस्क । एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। हादसा उस वक्त हुआ जब तीनों अपने घर के बाहर खड़े होकर आपस में बातचीत कर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार अनियंत्रित मालवाहक वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

​घर के बाहर बातचीत करते समय हुआ हादसा

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों पीड़ित भटगांव स्थित अपने घर के सामने खड़े होकर सामान्य बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक अनियंत्रित मालवाहक वाहन के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो भाइयों की मौके पर ही सांसें थम गईं, वहीं तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

​चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार

​हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों को एकत्र होता देख आरोपी चालक अपने मालवाहक वाहन को मौके पर ही छोड़कर भागने में सफल रहा। स्थानीय लोगों की मदद से घायल व्यक्ति को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद से पूरे भटगांव क्षेत्र में शोक की लहर और आक्रोश व्याप्त है।

​पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू

​घटना की सूचना मिलते ही बिल्हा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने दुर्घटनाकारित मालवाहक वाहन को जब्त कर लिया है और फरार आरोपी चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी चालक की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *