आड़ावाल चौक पर अनियंत्रित ट्रक गुप्ता लाई दुकान में घुसा,पढिये पूरी खबर….

जगदलपुर । बस्तर जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित आड़ावाल चौक पर रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ओडिशा की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक सीधे सड़क किनारे स्थित एक दुकान में जा घुसी। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

​कैसे हुआ हादसा?

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक काफी तेज गति में ओडिशा की तरफ से आ रहा था। आड़ावाल चौक के पास पहुंचते ही चालक ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी दुकानों की ओर बढ़ गया और सीधे गुप्ता लाई दुकान में जा घुसा।

​टल गई बड़ी दुर्घटना

​घटना के समय दुकान और उसके आसपास लोगों की आवाजाही थी, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, दुकान के भीतर और आसपास मौजूद लोग समय रहते सतर्क हो गए, जिसके कारण किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई। स्थानीय लोगों ने इसे कुदरत का करिश्मा ही बताया कि इतनी भीषण टक्कर के बावजूद एक भी जनहानि नहीं हुई।

​सुरक्षा पर सवाल: आड़ावाल चौक पर वाहनों की तेज रफ्तार और अनियंत्रित आवाजाही स्थानीय रहवासियों और दुकानदारों के लिए लंबे समय से चिंता का विषय बनी हुई है। इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन से चौक के पास स्पीड ब्रेकर लगाने और भारी वाहनों की गति पर लगाम कसने की मांग की है।

Share :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *