जगदलपुर । छत्तीसगढ़ राज्य में बढ़ते बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के मुद्दे को लेकर कांग्रेस अब घर घर अभियान शुरू करने जा रही है… छत्तीसगढ़ भाजपा सरकार के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू करने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि पार्टी ने पूरे प्रदेश में दो महीने तक चलने वाला जनसंपर्क अभियान शुरू किया है। इसके तहत कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव, पंचायतों और बूथ स्तर तक पहुंचकर लोगों से संपर्क करेंगे और फॉर्म भरवाएंगे। दीपक बैज का कहना है कि महंगी बिजली, स्मार्ट मीटर और 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को लागू कराने की मांग को लेकर जनता के बीच अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता बढ़ते बिजली बिल से परेशान है और सरकार स्मार्ट मीटर के जरिए लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है। बैज ने बताया कि 1 अगस्त से पूरे प्रदेश में इस अभियान की शुरुआत हो चुकी है और अब बस्तर जिले में भी इसकी शुरुआत की जाएगी। कांग्रेस का दावा है कि इस जनअभियान के जरिए आम लोगों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाया जाएगा और बिजली से जुड़े मुद्दों पर जनता की आवाज को मजबूती मिलेगी।
वहीं, स्मार्ट मीटर को लेकर भाजपा के आरोपों पर दीपक बैज ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा के पास जनता के मुद्दों का जवाब नहीं है। उन्होंने कहा कि जब लोग खुद महंगी बिजली और स्मार्ट मीटर को लेकर सवाल उठा रहे हैं, तब सरकार अपनी जिम्मेदारी से बचने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस का कहना है कि यह अभियान सरकार की नीतियों को जनता के सामने उजागर करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

