अब बस्तर के सपनों को नहीं छोड़ना पड़ेगा घर… ज्ञानगुड़ी बन रही सरकारी नौकरी की नई पाठशाला

जगदलपुर । एक समय था जब बस्तर के युवाओं को नीट, एसएससी, बैंकिंग और रेलवे जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए रायपुर, बिलासपुर, हैदराबाद या दूसरे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। लेकिन अब तस्वीर बदल रही है। जिला प्रशासन की पहल पर शुरू हुई ज्ञानगुड़ी आज बस्तर के युवाओं के सपनों को यहीं से उड़ान देने का काम कर रही है। शुरुआत मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी से हुई और नतीजे भी शानदार रहे। पिछले साल नीट की तैयारी करने वाले 90 में से 50 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की, जबकि कई छात्रों का नर्सिंग और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में चयन हुआ। अब इस पहल का दायरा और बढ़ा दिया गया है। ज्ञानगुड़ी में एसएससी, बैंकिंग, रेलवे और ग्रेजुएट लेवल की प्रतियोगी परीक्षाओं की भी निशुल्क तैयारी शुरू की गई है। 12वीं पास से लेकर स्नातक तक के युवाओं को सामान्य ज्ञान, अंग्रेजी, गणित और रीजनिंग जैसे विषयों की विशेषज्ञ कोचिंग दी जाएगी। इसका सबसे बड़ा लाभ दूरस्थ और नक्सल प्रभावित इलाकों के उन युवाओं को मिलेगा, जिनके लिए बड़े शहरों में रहकर पढ़ाई करना आर्थिक और सामाजिक रूप से आसान नहीं था। अब उन्हें अपने ही जिले में बेहतर मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण कोचिंग और प्रतियोगी माहौल मिल रहा है। जिला प्रशासन का लक्ष्य सिर्फ परीक्षा पास कराना नहीं, बल्कि बस्तर के अधिक से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं तक पहुंचाना है।

Share :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *