सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो गिरफ्तार, कोर्ट में पेशी की तैयारी; जानें क्या है पूरा विवाद

डेस्क । छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां कोतवाली पुलिस ने विवादों में घिरी सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए उन्हें अदालत में पेश करने की तैयारी में जुट गई है।

​आपत्तिजनक भाषा और एफआईआर का मामला

जानकारी के मुताबिक, दो दिन पहले कोतवाली थाने में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर आकांक्षा टोप्पो और होली क्रॉस कॉलेज के लेक्चरर अकील अहमद के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि दोनों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर आपत्तिजनक और भड़काऊ शब्दों का प्रयोग किया, जिससे समाज पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा था। इसके अलावा, उन पर पूर्व में एक पीड़िता की पहचान उजागर करने और अनुचित सामग्री प्रसारित करने के भी गंभीर आरोप लगे थे।

​गौरतलब है कि यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी आकांक्षा के खिलाफ सीतापुर थाने में इसी तरह की आपत्तिजनक टिप्पणियों और भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल करने को लेकर शिकायतें और एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं।

​पालटवार: भाजयुमो कार्यकर्ता के खिलाफ भी एफआईआर

यह पूरा विवाद उस समय और गरमा गया जब आकांक्षा टोप्पो और भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ता धीरज सिंह के बीच झड़प की खबरें सामने आईं।

​आकांक्षा टोप्पो की शिकायत के आधार पर पुलिस ने धीरज सिंह के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। इस शिकायत में धीरज सिंह पर आकांक्षा का पीछा करने, गाली-गलौज करने, जान से मारने की धमकी देने और एसटी-एससी (ST-SC) अत्याचार निवारण अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

​क्षेत्र में गरमाया माहौल

अंबिकापुर के कोतवाली थाने में पिछले कुछ दिनों से इस मामले को लेकर गहमागहमी और राजनीतिक सरगर्मी बनी हुई थी। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर अमर्यादित और भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल कर माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, आकांक्षा टोप्पो की गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने में लगी हुई है। 

Share :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *