डेस्क । यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने का एक मामला सामने आया है। खबर है कि भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के जिला महामंत्री की कार को बीच सड़क पर बेतरतीब ढंग से पार्क कर दिया गया, जिसके कारण घंटों तक यातायात बाधित रहा और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बीच सड़क खड़ी की कार, लगा लंबा जाम
मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर विद्यानगर मुख्य मार्ग पर भाजपा नेता ने अपनी कार सड़क के बीचों-बीच खड़ी कर दी। व्यस्त मार्ग होने के कारण देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने काफी देर तक कार मालिक का इंतजार किया, लेकिन घंटों तक सड़क से गाड़ी नहीं हटाई गई, जिससे पूरे क्षेत्र में आवाजाही पूरी तरह प्रभावित रही।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
जाम से परेशान एक राहगीर ने सड़क के बीच खड़ी कार और उससे पैदा हुई अव्यवस्था का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। कुछ ही देर में यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है, वहीं जनप्रतिनिधियों के इस तरह के रवैये पर भी सवाल उठने लगे हैं।
यातायात पुलिस की कार्रवाई पर टिकी सभी की नजरें
आम जनता का कहना है कि जब आम नागरिकों के नो-पार्किंग या गलत पार्किंग करने पर तत्काल चालानी कार्रवाई की जाती है, तो ऐसे मामलों में भी निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए। अब देखने वाली बात यह होगी कि बिलासपुर यातायात पुलिस इस वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर संबंधित नेता के खिलाफ क्या कदम उठाती है।
