डेस्क । सड़क पर जा रहे लोगो मे उस वक्त हड़कंप मच गया जब अचानक एक विशालकाय हाथी मुख्य सड़क पर आ पहुँचा। हाथी घंटों सड़क के बीचो-बीच डटा रहा, जिसके कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया।
बीच सड़क पर जमाया डेरा, राहगीरों में बनी कौतूहल की स्थिति
मिली जानकारी के अनुसार, हाथी जंगलों से निकलकर प्रतापपुर के कोरन्धा गांव के समीप पहुँच गया और सड़क पार करने लगा। इस दौरान सड़क से गुजर रहे राहगीरों और वाहन चालकों के हाथ-पांव फूल गए। कई राहगीरों ने दूर से ही इस पूरे नजारे का वीडियो अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वन विभाग और हाथी मित्र दल तैनात
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और ‘हाथी मित्र दल’ तुरंत मौके पर पहुँचे। वन विभाग की टीम लगातार हाथी की मूवमेंट पर पैनी नजर (मॉनिटरिंग) बनाए हुए है, ताकि हाथी को सुरक्षित रूप से वापस जंगल की ओर मोड़ा जा सके।

ग्रामीणों व राहगीरों के लिए एडवाइजरी जारी
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग ने आसपास के ग्रामीणों और सड़क से गुजरने वाले राहगीरों को सख्त हिदायत दी है कि:
- कोई भी व्यक्ति हाथी के पास जाने या उसे उकसाने का प्रयास न करे।
- सेल्फी या वीडियो बनाने के चक्कर में अपनी जान जोखिम में न डालें।
- हाथी के शांत होकर जंगल में लौटने तक सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
फिलहाल, वन विभाग स्थिति पर पूरी नजर रखे हुए है और क्षेत्र में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।