डेस्क । बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान और संभावित भारी बारिश के मद्देनजर छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और उन्हें स्कूल आने-जाने में होने वाली संभावित परेशानियों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है।
एक दिन का अवकाश घोषित
कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी, जगदलपुर, जिला बस्तर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, दिनांक 28.10.2026 (बुधवार) को बस्तर जिले के समस्त शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में एक दिवस का अवकाश घोषित किया गया है।

- प्रभावित विद्यालय: जिले के सभी प्राथमिक, माध्यमिक, हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूल।
- आदेश की प्रभावशीलता: यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।पालन नही होने की स्थिति में स्कूलों पर कार्यवाही की जाएगी।
कलेक्टर के अनुमोदन से जारी हुआ आदेश
यह महत्वपूर्ण निर्णय कलेक्टर महोदय के अनुमोदन के पश्चात लिया गया है, ताकि खराब मौसम के दौरान बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। जिला शिक्षा अधिकारी (बी.आर. बघेल) द्वारा जारी इस आदेश की प्रतिलिपि लोक शिक्षण संचालनालय (रायपुर), बस्तर संभाग के आयुक्त, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को सूचनार्थ एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु भेज दी गई है।
प्रशासन ने अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील की है कि वे इस दौरान सतर्क रहें और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें।