डेस्क । पिकनिक मनाने गए दो छात्रों के अचानक नदी के तेज बहाव में डूबने से हड़कंप मच गया था। हादसे के 19 घंटे बाद एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने अथक प्रयास कर एक छात्र का शव नदी से बरामद कर लिया है, जबकि दूसरे छात्र की तलाश अब भी जारी है।

19 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मिला अभिजीत का शव
हादसे की सूचना मिलते ही स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF) की टीम आज तड़के मौके पर पहुंची और बांडा नदी के गहरे पानी में तलाशी अभियान शुरू किया। लगातार 19 घंटे तक चले इस गहन सर्च ऑपरेशन के बाद टीम को एक सफलता मिली, जब एक छात्र के शव को पानी से बाहर निकाला गया। मृतक छात्र की पहचान अभिजीत विश्वास के रूप में हुई है, जो ग्राम पी.व्ही. 109 का निवासी था।
दूसरे छात्र साहिल की तलाश जारी
नदी में डूबे दूसरे छात्र साहिल बर्मन का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। एसडीआरएफ की टीम बोट और गोताखोरों की मदद से नदी के विभिन्न हिस्सों में लगातार खोजबीन कर रही है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम भी मौके पर मौजूद रहकर रेस्क्यू ऑपरेशन पर नजर बनाए हुए है।
विधायक बिक्रम उसेंडी पहुंचे परिजनों के बीच
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक बिक्रम उसेंडी बांडा नदी तट पर पहुंचे और चलाए जा रहे राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। इसके तुरंत बाद वे शोकाकुल परिवार से मिलने ग्राम पी.व्ही. 109 स्थित अभिजीत विश्वास के घर पहुंचे।
विधायक उसेंडी ने अभिजीत के माता-पिता और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस कठिन समय में हर संभव मदद का आश्वासन दिया। घटना के बाद से ही गांव में मातम का माहौल है और मृतक के घर पर सांत्वना देने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हैं।