डेस्क । एक ही दिन में तीन लाशें मिलने से स्थानीय पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
पहली घटना गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र की है, जहां ग्राम टीला स्थित एनीकेट में एक महिला का शव बहता हुआ पाया गया। स्थानीय ग्रामीणों की नजर जब एनीकेट में फंसी लाश पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

वहीं दूसरी घटना आरंग थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम चिखली की है। यहां महानदी के किनारे दो अन्य शव बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, इन दो शवों में से एक शव महिला का है, जबकि दूसरे शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
बाढ़ और अन्य पहलुओं पर जांच जारी
लगातार मिले तीन शवों को लेकर आशंका जताई जा रही है कि हाल ही में नदी में आए तेज बहाव या बाढ़ के कारण ये शव बहकर यहां पहुंचे होंगे। हालांकि, पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गोबरा नवापारा और आरंग थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर शवों को पंचनामा व पोस्टमार्टम के लिए भेज चुकी है। पुलिस हादसे, डूबने और अन्य आपराधिक पहलुओं को ध्यान में रखकर विस्तृत जांच में जुट गई है। मृतकों की पहचान होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजहों का खुलासा हो सकेगा।