ढाई हजार पौधों से सजेगा राष्ट्रीय राजमार्ग…इंद्रावती से गोरिया बहार तक हरियाली की तैयारी….

जगदलपुर।  इंद्रावती नदी से गोरिया बहार तक राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर और डिवाइडर के आसपास करीब ढाई हजार पौधे लगाए जाने हैं। पौधरोपण से पहले महापौर ने स्थल की साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पौधरोपण स्थल की तैयारी को लेकर चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। यहां कनेर एवं टिकोमा के पौधे लगाए जाएंगे। पौधों के लगने से राष्ट्रीय राजमार्ग का क्षेत्र हरा-भरा होने के साथ शहर की सुंदरता में भी इजाफा होगा।
महापौर के इस निरीक्षण में एक ओर जहां बारिश के बाद उत्पन्न परिस्थितियों की निगरानी और नागरिक सुरक्षा पर जोर दिखाई दिया, वहीं दूसरी ओर शहर को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाने की दिशा में निगम की तैयारियां भी सामने आईं।
दरसल लगातार हुई भारी बारिश के बाद शहर में बनी बाढ़ की स्थिति के बीच महापौर संजय पांडे ने बुधवार को शहर के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर जमीनी हालात का जायजा लिया। महापौर ने महादेव घाट, डोंगा घाट, पुराना पुल, गोरिया बहार एवं आसपास के क्षेत्रों में पहुंचकर जलस्तर और आवागमन की स्थिति देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से क्षेत्र की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और सतत निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर संजय पांडे ने कहा कि वर्तमान में पानी की स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन बारिश और नदी के जलस्तर को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखना जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से भी सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंग देवांगन, MIC सदस्य निर्मल पाणिग्राही, संग्राम सिंह राणा एवं विधुशेखर झा सहित निगम संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *