जगदलपुर: देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के आगामी 23 अक्टूबर को होने वाले जगदलपुर प्रवास को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है। राष्ट्रपति इस दौरे के तहत सिरहासार भवन में आयोजित पारंपरिक ‘मुरिया दरबार’ और लालबाग मैदान में आयोजित विशाल आमसभा में शामिल होंगी। महामहिम के इस दौरे को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, वहीं आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन ने एक विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।
यह विशेष यातायात व्यवस्था सुबह 07 बजे से शाम 05 बजे तक प्रभावी रहेगी।

प्रमुख मार्गों पर समय-सारणी के अनुसार प्रतिबंध
वीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए शहर के मुख्य मार्गों पर चरणबद्ध तरीके से यातायात प्रतिबंधित रहेगा:
- सुबह 10:00 बजे से दोपहर 02:00 बजे तक: कुम्हारपारा चौक, शहीद पार्क, स्टेट बैंक चौक, दंतेश्वरी मंदिर, गोलबाजार चौक, मिताली चौक और सिरहासार भवन से स्वर्गीय बलीराम कश्यप चौक तक का मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा।
- सुबह 11:00 बजे से दोपहर 04:00 बजे तक: सिरहासार भवन से स्वर्गीय बलीराम कश्यप चौक, सर्किट हाउस चौक, भंगाराम चौक, आईजीपी बंगला तिराहा, पुलिस ऑफिसर्स मेस तिराहा और लालबाग हाउसिंग बोर्ड तिराहा तक आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
- दोपहर 01:00 बजे से शाम 04:00 बजे तक: पुलिस आईजी बंगला तिराहा से कोतवाली मार्ग, त्रिवेणी परिसर, पुलिस पेट्रोल पंप से झंकार टॉकीज तिराहा और शहीद पार्क से कुम्हारपारा चौक तक का मार्ग बंद रहेगा।
- मुख्य वैकल्पिक मार्ग: लालबाग मार्ग पर सामान्य आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके विकल्प के रूप में वाहन चांदनी चौक से बोधघाट थाना के पीछे हाटकचोरा रोड से होकर नेशनल हाईवे 30 (जगदलपुर-रायपुर मार्ग) की ओर आ-जा सकेंगे।
- क्रॉसिंग पॉइंट्स: स्थानीय नागरिकों की सुविधा के लिए कुम्हारपारा चौक से बोधघाट थाना मार्ग, जमाल मिल तिराहा से एफसीआई गली, महावीर चौक से दुर्गा चौक, स्टेट बैंक चौक से भंगाराम चौक तथा भंगाराम चौक से पथरागुड़ा की ओर क्रॉसिंग की सुविधा दी गई है (सुरक्षा कारणों से इन्हें आवश्यकतानुसार रोका भी जा सकता है)।
- विशिष्ट अतिथि एवं मीडिया: वीआईपी और मीडिया कर्मियों के वाहन स्टेट बैंक चौक से कोतवाली तिराहा और पुलिस आईजी बंगला तिराहा होते हुए सनसिटी मार्ग से लालबाग ग्राउंड पहुंचेंगे।
- आम जनता के लिए दिशा-निर्देश:
- कार्यक्रम में शामिल होने वाले आम नागरिकों के लिए आमागुड़ा चौक को मुख्य केंद्र बनाया गया है।
- कोण्डागांव-रायपुर और नगरनार रोड से आने वाले वाहन एनएच-30 से आमागुड़ा चौक पहुंचेंगे।
- गीदम और सुकमा रोड से आने वाले लोग तेलीमारेंगा आड़ावाल बायपास या गीदम नाका सरगीपाल रोड से होते हुए हाटकचोरा मार्ग से पहुंचेंगे।
- लोहंडीगुड़ा की ओर से आने वाले वाहन पल्ली नाका, बीआर कोल्ड स्टोरेज, सरगीपाल रोड और हाटकचोरा रोड का उपयोग करेंगे।