डेस्क । एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पितृ मोक्ष कार्यक्रम से लौट रहे एक ही परिवार के लोग भीषण हादसे का शिकार हो गए। सड़क किनारे खड़े ट्रक से तेज रफ्तार बाइक की भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि पिता और उनके एक बेटे की मौके पर ही खौफनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार पितृ मोक्ष के कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक पर वापस लौट रहा था। जैसे ही वे सनौद थाना इलाके के ग्राम अरमरीकलां के पास पहुंचे, उनकी अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और पिता-पुत्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। हादसे में गंभीर रूप से घायल दूसरे बेटे को आनन-फानन में गुरूर के शासकीय अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए तत्काल ‘हायर सेंटर’ रेफर कर दिया, जहां फिलहाल उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही सनौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पंचनामा व पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक घटना के बाद से गांव और पीड़ित परिवार में मातम का माहौल है।

