जगदलपुर । जल ही जीवन है ऐसे में कुछ दिन पानी की सप्लाई बंद होने से परेशानी बढ़ सकती है और यही समस्या अब जगदलपुर शहरवासियों को आने वाले दिनों में उठानी पड़ सकती है। वजह बताई जा रही है कि नए जलशोधन संयंत्र की पाइपलाइन को शहर की पुरानी जलापूर्ति व्यवस्था से जोड़ने का काम शुरू होने जा रहा है। इसी काम के चलते 24 अगस्त से 9 सितंबर तक अलग-अलग इलाकों में पानी की सप्लाई बंद रहेगी । सबसे पहले 24 और 25 अगस्त को तेतरकुटी, एलआईसी, धरमपुरा, अघनपुर, महावीर नगर, तिलक नगर, गांधी नगर, गंगानगर और राजेंद्र नगर समेत आसपास के इलाकों में पानी की सप्लाई प्रभावित होगी। इसके बाद 29-30 अगस्त और फिर सितंबर में 2-3, 5-6 और 8-9 तारीख को अलग-अलग टंकियों से जुड़े क्षेत्रों में सप्लाई रोकी जाएगी। इन सभी दिनों में सुबह 10:30 बजे से शाम 5 बजे तकपानी की सप्लाई बंद रहेगी। पीएचई सभापति ने शहरवासियों से अपील की है कि निर्धारित तारीख से पहले जरूरत के हिसाब से पानी भरकर रख लें। प्रभावित इलाकों में निगम टैंकर और दूसरे माध्यमों से पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था करेगा।दरअसल यह परेशानी नए जलशोधन संयंत्र को शहर की व्यवस्था से जोड़ने के लिए हो रही है। काम पूरा होने के बाद अमृत योजना के तहत शहर को नई जलापूर्ति व्यवस्था से जोड़ने का रास्ता साफ होगा।
