जगदलपुर । स्वतंत्रता दिवस के मौके पर BSNL ने बस्तरवासियों के लिए कई नई डिजिटल सुविधाओं और योजनाओं की घोषणा की है। मोबाइल ग्राहकों के लिए फ्रीडम 2.0 प्लान, घरों के लिए 200 Mbps तक की स्पीड वाला FTTH प्लान, शिकायत और बिल भुगतान जैसी सुविधाओं के लिए Selfcare ऐप और नेटवर्क विहीन इलाकों के लिए सैटेलाइट फोन सेवा शुरू करने की जानकारी दी गई है। खास बात यह है कि बस्तर संभाग में नेटवर्क विस्तार के लिए बस्तर में 660 मौजूदा टावर है और 419 नए टावरों पर काम चल रहा है, जिन्हें मार्च 2027 तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
BSNL बस्तर के प्रधान महाप्रबंधक शरद चंद्र तिवारी ने प्रेस वार्ता में बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्राहकों को केंद्र में रखते हुए कई डिजिटल पहल शुरू की गई हैं। मोबाइल ग्राहकों के लिए फ्रीडम 2.0 ऑफर के तहत महज 1 रुपये में रीचार्ज की सुविधा दी जा रही है। इसमें प्रतिदिन 1 GB डेटा, 100 SMS, अनलिमिटेड वॉइस कॉल और 24 दिन की वैधता मिलेगी।
वहीं, ब्रॉडबैंड और मनोरंजन को एक साथ जोड़ते हुए ₹1111 का FTTH प्लान भी पेश किया गया है। इसमें 200 Mbps तक की स्पीड, हर महीने 500 GB डेटा और 25 से ज्यादा प्रीमियम OTT चैनलों की सुविधा दी जाएगी। ग्राहकों की सुविधा के लिए BSNL Selfcare ऐप भी उपलब्ध है, जिसके जरिए बिल भुगतान, शिकायत दर्ज करने और उसका स्टेटस देखने, DND सुविधा लेने और नया फाइबर कनेक्शन बुक करने जैसी सुविधाएं मोबाइल से ही हासिल की जा सकती हैं। दूरदराज और ऐसे इलाकों में जहां मोबाइल, लैंडलाइन या FTTH नेटवर्क उपलब्ध नहीं है, वहां BSNL की सैटेलाइट फोन सेवा को उपयोगी विकल्प बताया गया है।