बाढ़ पीड़ितों के घावों पर राहत का मलम: मेकाज के चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने घाट धनौरा में वितरित की राहत सामग्री, दी स्वास्थ्य संबंधी सलाह

जगदलपुर । आपदा के समय जनसेवा ही सबसे बड़ा धर्म बन जाता है। इस भावना को चरितार्थ करते हुए छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य अधिकारी कर्मचारी संघ (मेडिकल कॉलेज डिमरापाल हॉस्पिटल, जगदलपुर) के तत्वाधान में मेकाज के वरिष्ठ चिकित्सकों, स्टाफ नर्सों, रसोई विभाग और चतुर्थ श्रेणी स्वास्थ्य कर्मचारियों के संयुक्त प्रयास से बाढ़ प्रभावित क्षेत्र ग्राम घाट धनौरा (टिकरा धनौरा) में एक विशेष स्वास्थ्य एवं राहत शिविर का आयोजन किया गया।

​मेडिकल टीम ने इंद्रावती नदी के किनारे बसे जलभराव से प्रभावित ग्रामवासियों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य का हाल-चाल जाना। बाढ़ के बाद फैलने वाली संक्रामक बीमारियों और जलजनित रोगों (जैसे डायरिया, त्वचा संक्रमण, मलेरिया) से बचाव के लिए ग्रामीणों को जागरूक किया गया। डॉक्टरों की टीम ने ग्रामीणों को सलाह दी कि पानी उबालकर पीएं, आसपास सफाई रखें और स्वास्थ्य थोड़ा भी खराब होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर इलाज कराएं।

​स्वास्थ्य जागरूकता के साथ-साथ मेडिकल टीम ने राहत शिविर और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर प्रभावित परिवारों को दैनिक आवश्यकता की राहत सामग्री वितरित की। इसमें सूखा राशन, कपड़े, ठंड व नमी से बचाव के लिए कंबल तथा बच्चों के लिए कॉपी और पेंसिल जैसी शैक्षणिक सामग्री शामिल थी।

​अभियान में शामिल रहे ये सहयोगी:

  • ​नेत्र विभाग (आई डिपार्टमेंट) एवं वरिष्ठ चिकित्सक: डॉ. राकेश शोरी, डॉ. छाया शोरी, डॉ. मनीष बंसल, डॉ. खुशबू देवांगन, डॉ. विशाल आडवानी, डॉ. अंजना चंद्राकर, डॉ. विनीत कौशिक, डॉ. श्रुति कवंर, डॉ. प्रियदर्शिनी सोमावर, डॉ. सतीश बघेल एवं डॉ. प्रियंका सिंह।
  • ​स्टाफ नर्स: गायत्री टांडी, मनीषा, रजनी, मेनिका सोमिया, शुभम एवं आशीष गरारा।
  • ​रसोई विभाग: श्री राजेश कुलदीप।
  • ​संघ एवं मेकाज प्रतिनिधि: छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य अधिकारी कर्मचारी संघ के प्रांतीय संयोजक गुजराल शार्दूल, जिला संयोजक निर्मला ठाकुर, मेकाज अध्यक्ष भीखम साहू, सचिव जयप्रकाश विश्वकर्मा, अजय राणा एवं सिद्धार्थ तिवारी।

​संकट की इस घड़ी में स्वास्थ्य कर्मियों के इस मानवीय कदम की ग्रामवासियों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। संघ के पदाधिकारियों ने संकल्प जताया कि भविष्य में भी आवश्यकता पड़ने पर आम जनमानस की सेवा के लिए मेडिकल कॉलेज की टीम सदैव तत्पर रहेगी।

Share :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *