सुकमा । छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले और पड़ोसी राज्य ओडिशा को जोड़ने वाले मार्ग पर भारी बारिश का असर दिखने लगा है। सुकमा–मलकानगिरी मार्ग स्थित झापरा पुल के ऊपर शबरी नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है, जिससे पुल पर पानी ओवरफ्लो हो रहा है। इसके चलते दोनों राज्यों के बीच आवागमन पूरी तरह से प्रभावित हो गया है।

यातायात थमा, पुलिस की सुरक्षा अपील
झापरा पुल पर पानी के तेज बहाव को देखते हुए सुकमा पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है। किसी भी अप्रिय घटना या दुर्घटना को रोकने के लिए मार्ग पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सुकमा पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए अपील की है कि वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सुकमा से मलकानगिरी की ओर यात्रा करने से बचें और जब तक जलस्तर सामान्य न हो जाए, वैकल्पिक या सुरक्षित मार्गों का चयन करें।
स्थिति पर सतर्क नजर
सुकमा पुलिस और स्थानीय प्रशासन नदी के जलस्तर और मार्ग की स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। पुलिस बल द्वारा संवेदनशील स्थानों पर लोगों को पुल पार न करने की हिदायत दी जा रही है, ताकि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। प्रशासन ने लोगों से धैर्य बनाए रखने और आधिकारिक निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है।