स्कूल बस की चपेट में आने से दूसरी कक्षा की मासूम बच्ची की मौत

डेस्क ।  शनिवार सुबह एक बेहद दुखद हादसा सामने आया है, जहाँ स्कूल जाने के लिए घर से निकली दूसरी कक्षा की छात्रा की स्कूल बस से दबकर दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

​बस में सवार होने के दौरान हुआ हादसा

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, धनपुर बस्ती निवासी मासूम बच्ची ‘प्रिंसि’ भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल, सोनहत में कक्षा दूसरी की छात्रा थी। शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे वह रोज की तरह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान स्कूल बस की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

​अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

​घटना के तुरंत बाद आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल मासूम को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सोनहत ले जाया जा रहा था, लेकिन दुर्भाग्यवश रास्ते में ही बच्ची ने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि दुर्घटनाकारित बस भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल संस्था की ही थी।

​पुलिस जांच में जुटी

​हादसे की सूचना मिलते ही सोनहत थाना पुलिस टीम मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है। घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में स्कूल प्रबंधन और बस चालकों की लापरवाही को लेकर गहरा आक्रोश है।

Share :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *