डेस्क । छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। बचेली स्थित 10-11 ए कैंप के पोटाकेबिन-03 में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के एक जवान की गोली लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
यह हादसा हथियार की सफाई के दौरान हुआ, जब अचानक चली दो गोलियों ने जवान की जान ले ली।
सफाई के दौरान अचानक चलीं दो गोलियां
मिली जानकारी के अनुसार, CISF में प्रधान आरक्षक (Head Constable) के पद पर तैनात दत्तात्रेय अपने सरकारी हथियार AK-47 राइफल की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक दो राउंड गोलियां चल गईं, जो सीधे जवान को जा लगीं। गोली की आवाज सुनते ही कैंप में हड़कंप मच गया और आसपास मौजूद अन्य जवान तुरंत मौके पर पहुंचे।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद गंभीर रूप से घायल दत्तात्रेय को प्राथमिक उपचार के बाद एनएमडीसी (NMDC) के अपोलो अस्पताल बचेली ले जाया गया। हालांकि, अत्यधिक खून बह जाने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें देखते ही मृत घोषित कर दिया।
मृत जवान मूल रूप से महाराष्ट्र के निवासी थे। घटना की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है।
पुलिस जांच में जुटी, FSL और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की पड़ताल शुरू की। पुलिस हर संभावित पहलू से घटना की जांच कर रही है।
