शिक्षा मंत्री के गृह जिले में स्कूली छात्रों का फूटा गुस्सा: शिक्षकों की मांग को लेकर धमधा-खैरागढ़ रोड पर दोबारा चक्काजाम

दुर्ग ।  जिले के धमधा क्षेत्र स्थित पेंड्रावन के स्वामी आत्मानंद स्कूल के विद्यार्थियों ने शिक्षकों की भारी कमी को लेकर खैरागढ़-धमधा मुख्य मार्ग पर दूसरी बार चक्काजाम कर दिया। बेमेतरा और धमधा को जोड़ने वाले इस प्रमुख मार्ग पर छात्रों के प्रदर्शन से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

400 विद्यार्थियों के भरोसे महज 5 शिक्षक

पेंड्रावन के इस स्कूल में कक्षा 9वीं से 12वीं तक लगभग 400 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। छात्रों का आरोप है कि इतने बड़े स्कूल में स्वीकृत 17 पदों के मुकाबले केवल 5 शिक्षक ही पदस्थ हैं। शिक्षकों की कमी के कारण उनका पाठ्यक्रम पूरा नहीं हो पा रहा है, जिससे उनका शैक्षणिक भविष्य खतरे में है।

21 अगस्त के आश्वासन के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

इससे पहले 21 अगस्त को भी विद्यार्थियों ने इसी मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। तब प्रशासनिक अधिकारियों और धमधा एसडीओपी डॉ. चित्रा वर्मा ने मौके पर पहुंचकर छात्रों की समस्याएं सुनी थीं और समाधान का आश्वासन दिया था। हालांकि, 25 अगस्त तक कोई ठोस कदम न उठाए जाने से नाराज छात्रों को मंगलवार को दोबारा सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा।

ओपन स्कूल की व्यवस्था पर उठाये सवाल

छात्रों की मांग केवल नियमित शिक्षकों की भर्ती तक सीमित नहीं है। वे परिसर में संचालित ओपन स्कूल की व्यवस्था को भी बंद करने की मांग कर रहे हैं। विद्यार्थियों का कहना है कि स्कूल में मौजूद सीमित शिक्षकों को भी ओपन स्कूल की ड्यूटी में भेज दिया जाता है, जिससे उनकी नियमित कक्षाएं प्रभावित होती हैं।

कलेक्टर और शिक्षा मंत्री से ही वार्ता पर अड़े छात्र

प्रदर्शनकारी छात्रा लक्ष्मी सिन्हा ने स्पष्ट किया कि वे अब किसी निचले स्तर के अधिकारी से बात नहीं करेंगे। उनका कहना है कि वे अपनी समस्याएं पहले ही बता चुके हैं, इसलिए अब वे सीधे कलेक्टर या शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव से ही चर्चा करेंगे। छात्रों ने जोर देकर कहा कि उनका यह आंदोलन गैर-राजनीतिक है और वे पढ़ाई छोड़कर सड़क पर नहीं बैठना चाहते, लेकिन अपनी शिक्षा के अधिकार के लिए उनके पास कोई अन्य रास्ता नहीं बचा है।

Share :

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *